सासाराम को निर्मल बनाएंगे नए नगर आयुक्त, सुबोध कुमार नए अपर जिला दंडाधिकारी नियुक्त

दिवाकर तिवारी ।
सासाराम। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के वर्तमान सचिव निर्मल कुमार को बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अधिसूचना जारी कर सासाराम नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया है। निर्मल कुमार 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। जिनके ऊपर अब सासाराम को स्वच्छ व निर्मल बनाने की जिम्मेदारी होगी। नगर निगम सासाराम में एक बार फिर आईएएस अधिकारी के पदस्थापना से नगर निगम के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है और शहरवासी भी स्वच्छ एवं सुंदर सासाराम का सपना संजोए बैठे हैं।
इधर बिहार सरकार ने रोहतास जिले के अपर जिला दंडाधिकारी के पद पर सुबोध कुमार को प्रतिनियुक्ति किया है। पूर्व अपर जिला दंडाधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद सिंह की सेवानिवृत्ति के पश्चात यह पद बीते कई महीनो से प्रभार में चल रहा था। जिसको देखते हुए सुबोध कुमार को नए एडीएम के रूप में प्रतिनियुक्ति दी गई है। इनके आने से जिले के राजस्व संबंधी मामलों में तेजी आएगी और भूमि विवाद मामलों के निष्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।