जलजमाव से परेशान लोगों ने किया सड़क जाम, मेयर और नगर निगम के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

दिवाकर तिवारी ।

रोहतास। नगर निगम सासाराम के वार्ड संख्या 9 अंतर्गत बलथुआं गांव में सोमवार को जलजमाव से परेशान लोगों ने पुरानी जीटी रोड को जाम कर प्रदर्शन किया। बीते 2 दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से बलथुआं गांव में जलजमाव ने विकराल रूप धारण कर लिया है। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर नगर निगम सासाराम की मेयर काजल कुमारी और नगर निगम के पदाधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशितों का कहना है कि बलथुआं गांव में लगातार जलजमाव की समस्या हो रही है। जबकि बीते दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से स्थिति और भी भयावह हो गई है। जिससे लोगों का आना जाना अब मुश्किल हो गया है तथा जलजमाव के कारण बच्चों का पढ़ाई भी बाधित हो रहा है। जल निकासी के लिए कई बार नगर निगम में गुहार लगाई गई लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसलिए बाध्य होकर आज ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम किया है। ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम द्वारा गांव के जल निकासी के स्रोत को बंद कर दिया गया है। जिससे जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क व गलियों के साथ-साथ अब लोगों के घरों में पानी घुसने लगा है तथा राजकीयकृत मध्य विद्यालय बेदा भी जलजमाव की चपेट में है। वहीं सड़क जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी निशांत कुमार ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण तत्काल जल निकासी की मांग पर अड़े रहे। हालांकि काफी मशक्कत के बाद आक्रोशितों को शांत कराकर सड़क से हटा लिया गया। लेकिन इस दौरान तकरीबन 1 से 2 घंटे तक मुख्य मार्ग बाधित रहा। जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग 2 से सासाराम नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।

You may have missed