भाई – बहन को सांप ने काटा , झाड़ फूक के चक्कर मे गई दोनों की जान l

दिवाकर तिवारी,

रोहतास। जिले के करगहर प्रखंड अंतर्गत जोगवलिया गांव में खाट पर सो रहे भाई बहन को जहरीले सांप ने काट दिया। आनन-फानन मे परिजनों के द्वारा भभुआ सदर अस्पताल में ईलाज कराने गये जहां चिकित्सकों ने भाई बहन को मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि सांप काटने पर इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में जगह-जगह भटकते रहे। अंत में दोनों को सदर अस्पताल लाया गया जहां डाॅक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। करहगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगवलिया गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान जोगवलिया गांव निवासी वद्दु राम का 10 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार और 40 वर्षीय पुत्री शोभा देवी के रूप में की गयी। वही मृतक के भाई कुलदीप ने बताया कि शोभा देवी अपने ससुराल घुसुका गांव से गुरुवार को ही अपने मायके आई हुई थी। अपने घर में खाट पर दोनों भाई बहन एक साथ सोए हुए थे तभी सुबह 4 बजे एक जहरीले सांप ने दोनों भाई बहन को काट लिया। इसके बाद परिजन ने दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए शिवसागर थाना क्षेत्र के रसनूआं गांव ले गए। वहां और हालत बिगड़ने लगी तो उसके बाद डुमरा ले गए। डुमरा गांव के बाद झाड़-फूंक के लिए कुदरा थाना क्षेत्र के कर्मा गांव ले भी ले गए। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और हालत नाजुक होती चली गई। तब जाकर परिजन दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा लेकर गए। कुदरा से दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने भभुआ सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं सदर अस्पताल के चिकित्सक श्यामाकांत ने दोनों भाई बहन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं दूसरी तरफ गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। सदर अस्पताल में दोनों मृतकों की पोस्टमार्टम की गई।

You may have missed