कृषि समन्वयकों का अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, विभाग की बढ़ी मुश्किलें

दिवाकर तिवारी,

रोहतास। खरीफ मौसम में धान का कटोरा कहे जाने वाले रोहतास जिले में किसानों की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही है। बता दें कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिले के किसान सलाहकार तथा कृषि समन्वयक बीते कई दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिससे जिले के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई है तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। इसी क्रम में अपने अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच बुधवार को कृषि समन्वयकों ने जिला कृषि भवन के मुख्य द्वार पर बैठकर अपना विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सरकार बिहार के सभी कृषि समन्वयकों का वेतनमान 2800 से उत्क्रमित कर जल्द से जल्द 4600 करे। साथ हीं राज्यहित व कार्य हित में कृषि समन्वयकों का पदनाम कृषि विकास पदाधिकारी होना चाहिए। अन्यथा मांग पूरी होने तक हम सभी कृषि समन्वयक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहेंगे। बता दें कि कृषि समन्वयकों के अपने ग्रेड पे को लेकर हड़ताल पर चले जाने से इस खरीफ के मौसम में भी किसानों तक सरकारी धान का बीज पहुंचना तथा सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचना मुश्किल हो गया है। वहीं कृषि विभाग को भी बीज वितरण के लक्ष्य को नहीं हासिल करने का भय सता रहा है।