टाप-20 में शामिल रहे डायन कह कर हत्या व मारपीट करने वाले अपराधी को पुलिस ने दबोचा

मनोज कुमार ।

गया। जिला पुलिस ने टॉप -20 में शामिल रहे कारु यादव को गिरफ्तार किया है। वह बीते छह वर्षों से फरार चल रहा था। कई थानों की पुलिस ने मिल कर कारु यादव को पकड़ा है। पकड़े गए अपराधी के विरुद्ध अब तक चार केस दर्ज हैं। खास बात यह भी है कि पकड़े गए आरोपी के घर पुलिस ने कुर्की की भी कार्रवाई थी। बावजूद इसके वह फरार चल रहा था।
एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि जिला पुलिस टाप-10 के साथ साथ टॉप-20 की लिस्ट में शामिल अपराधियों की धर पकड़ में जुटी है। टॉप -20 में शामिल अपराधियों में कारु यादव शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही थी। इसी बीच पुलिस को पुष्ट सूचना मिली कि कारु यादव फतेहपुर थाना क्षेत्र में शरण लिए हुए है। इस पर पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई जिसमें तीन थानों की पुलिस को शामिल किया गया। इसके बाद उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए अपराधी के खिलाफ हत्या और डायन अधिनियम के तहत केस दर्ज है। 2016 और 2018 में डायन अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में भी पकड़े आरोपी के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। आर्म्स एक्ट का भी केस दर्ज है। उन्होंने बताया कि फरारी के दौरान लोगों के बीच भय दिखा कर रंगदारी वसूला करता था। उन्होंने बताया कि यह आरोपी अब तक कभी पकड़ा नहीं गया था।

You may have missed