हिंदू विरोधी है बिहार की सरकार- सुशील मोदी

दिवाकर तिवारी ।

जेल में बंद भाजपा के पूर्व विधायक से मिलने पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री, प्रेस को भी किया संबोधित.

रोहतास। भाजपा के राज्यसभा सांसद सह बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी बुधवार को सासाराम पहुंचे। इस दौरान शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिसके पश्चात सुशील मोदी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में बंद भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद से मिलने पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने जवाहर प्रसाद से मिलकर बातचीत की तथा उनका हालचाल जाना। जबकि कैदी वार्ड के बाहर भाजपा जिला कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद सुशील मोदी पूर्व विधायक के आवास पर भी गए। जहां उन्होंने परिजनों से मिलकर हालचाल पूछा।
इसी क्रम में सासाराम पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने परिसदन भवन में एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया। प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 02 अप्रैल को सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर केन्द्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को षडयंत्रपूर्वक बाधित करने के लिए आपराधिक कृत्य को दंगा बतलाकर कार्यक्रम को रोका गया।
30 मार्च को रामनवमी की शोभायात्रा बिना कोई बाधा के संपन्न हुई। लेकिन 31 मार्च को अपराधियों द्वारा की तोडफ़ोड़ व लूटपाट की घटना को दंगा का स्वरूप बतलाकर प्रशासनिक षडयंत्र किया गया तथा अपराधियों पर कार्रवाई की जगह भाजपा कार्यकर्ताओं को हीं चिन्हित कर उन्हें झूठे केस में उन्हें फंसाया गया है। जबकि प्रशासन अगर सतर्क रहता है तो इतनी बड़ी घटना घटित नहीं होती। उन्होंने कहा कि घटना की प्राथमिकी में कहीं भी हमारे पूर्व विधायक का नाम नहीं था लेकिन अपराधियों की तरह रात के 12 बजे उनको घर से गिरफ्तार कर 40 दिन बाद 302 का मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया जो अपने आप में हास्यास्पद है। इसलिए इस पूरे मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए।
वहीं पटना में बाबा बागेश्वर के पोस्टर फाड़े जाने के सवाल पर सुशील मोदी ने कहा कि बिहार की सरकार हिंदू विरोधी है। सरकार के लोगों द्वारा लगातार देवी देवताओं एवं संत महात्माओं का अपमान किया जाता रहा है। चाहे बाबा बागेश्वर का मामला हो या राम भक्तों पर कार्रवाई का मामला हो हिंदू धर्म के लोगों से कोई लेना देना नहीं है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा एमएलसी निवेदिता सिंह, जिला प्रवक्ता इंजीनियर पुलकित सिंह, भाजपा नेता संजय कश्यप, नगर अध्यक्ष शिवनाथ चौधरी, सोनू सिन्हा, विजय सिंह सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed