नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता- मंत्री डॉ सुनील कुमार

WhatsApp Image 2025-03-09 at 6.46.13 PM

दिवाकर तिवारी ।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री ने बजट पर चर्चा करते हुए आने वाला वक्त बिहारियों का बताया

सासाराम। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरे दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताया है। उन्होंने कहा कि “2014 में भारत में एक ऐसे सूरज उदय हुआ, जिसने देश और दुनिया में भारत के नाम को नई पहचान दिलाई। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने महज 10 वर्ष के कार्यकाल में वो कार्य किए, जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। चाहे वह धारा 370 को हटाना हो, नोटबंदी हो, राम मंदिर निर्माण हो या आर्थिक सुधार।”

मंत्री ने केंद्रीय बजट पर की विस्तार से चर्चा

जिला बीजेपी कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय बजट पर विस्तार से चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि इस बार केंद्र सरकार ने बिहार के हित में नई दिशा और नए दौर का बजट प्रस्तुत किया है। जिसमें उद्योग से लेकर विकास के हर क्षेत्र को समाहित किया गया है। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाते हुए हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलना होगा, तभी हम एक सतत भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।

डेहरी स्थित एनीकट पार्क का किया शिलान्यास

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने इस क्रम में डेहरी स्थित एनीकट में एक पार्क का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे ने रोहतास जिले के विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाया है। एनिकट पार्क का उन्नयन कार्य न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षक स्थल बनेगा। इस परियोजना पर लगभग 9 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल, जदयू जिला अध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा, भाजपा नेत्री शीला सिंह, भाजपा नेता मंगलानंद पाठक सहित अन्य एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।