महिला बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ डीएम का मतदान संवाद कार्यक्रम

दिवाकर तिवारी ।

कहा- सफल लोकतंत्र के लिए हर एक वोट महत्वपूर्ण

सासाराम। लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के अंतिम चरण में होने वाले चुनाव को लेकर गुरुवार को जिले के करगहर प्रखंड अंतर्गत शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में मतदान संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं ग्रामीण महिला बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मतदान को लेकर चर्चा की गई तथा एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान के महत्व को विस्तार से बताया गया। स्वीप कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि मतदान आपका अधिकार है और इस अधिकार का उपयोग करते हुए आप अपनी समझ से उम्मीदवार चुन सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान देश का सबसे महत्वपूर्ण त्यौहार है और इसे उत्सव के रूप में मनाते हुए सभी लोग शत प्रतिशत मतदान करना सुनिश्चित करें। जबकि महिलाओं को मतदान के प्रति प्रेरित करते हुए डीएम ने कहा कि लोकतंत्र के लिए एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। यदि आपको कोई उम्मीदवार पसंद नहीं है तो आप नोटा का बटन दबा सकती है।

लेकिन हर हाल में आप अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। वहीं कार्यक्रम के संबोधन में पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने भी लोकतंत्र के लिए प्रत्येक वोट को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आप यह कतई न सोचे कि हमारा तो एक हीं वोट है और मतदान नहीं करेंगे तो क्या फर्क पड़ेगा। मतदान आपका अधिकार ही नहीं बल्कि पहचान भी है और इसके माध्यम से आप एक सही सरकार चुन सकते है। जब तक हम शत प्रतिशत मतदान नहीं करेंगे हमारा लोकतंत्र सफल नहीं होगा। इस दौरान महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मतदान संबंधी गीत संगीत प्रस्तुत किए गए तथा महिलाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के बुनियादी जानकारियों से भी अवगत कराया गया। स्वीप कार्यक्रम के दौरान एडीएम चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडे, सदर एसडीओ आशुतोष रंजन, सिविल सर्जन डॉक्टर के एन तिवारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी धर्मवीर सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं काफी संख्या में आम व खास महिलाएं उपस्थित रहीं।