शिक्षा के क्षेत्र में एक नया सवेरा: एच. के. इंटरनेशनल स्कूल का भव्य उद्घाटन

WhatsApp Image 2026-04-14 at 8.59.47 AM

विश्वनाथ आनंद .
गया जी ( बिहार/झारखंड)-चतरा के हंटरगंज स्थित कौलेश्वरी रोड, बहेरी में 12 अप्रैल 2026, रविवार का दिन शिक्षा जगत के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बन गया। जीरामणि लोकहित ट्रस्ट द्वारा संचालित एच. के. इंटरनेशनल स्कूल का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। सी.बी.एस.ई. पाठ्यक्रम पर आधारित और प्ले ग्रुप से दसवीं कक्षा तक की शिक्षा प्रदान करने वाले इस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के शुभारंभ ने इस पिछड़े क्षेत्र में ज्ञान के एक नए अध्याय की शुरुआत की है।
विद्यालय के डायरेक्टर और स्वागतकर्ता श्री महिवाल त्रिपाठी ने इस पूरे प्रकल्प को अपने प्रेरणा स्रोत, अपनी माता श्रीमती किरण त्रिपाठी और पिता श्री हरिनारायण त्रिपाठी को समर्पित किया है, जिनका प्यार और मार्गदर्शन उनके जीवन का आधार रहा है। कार्यक्रम के समन्वयक सत्येंद्र कुमार द्विवेदी के कुशल प्रबंधन में समारोह की शुरुआत प्रातः 7 बजे आचार्य दीपक नारायण उपाध्याय द्वारा किए गए संगीतमय सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके पश्चात मुख्य उद्घाटन समारोह, अल्पाहार और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया।इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष, माननीय डॉ. प्रेम कुमार जी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथियों में झारखंड सरकार के भूतपूर्व मंत्री श्री सत्यानंद भोक्ता, चतरा जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री ब्रजकिशोर तिवारी, हंटरगंज प्रमुख श्रीमती ममता कुमारी, ग्राम पंचायत कोयना के मुखिया श्री बबलू कुमार और ग्राम पंचायत केदली के मुखिया श्री अशोक कुमार शामिल रहे। साथ ही विशेष अतिथि के रूप में अखिल भारतीय भिक्षु संघ के सचिव भन्ते प्रज्ञादीप, श्री ब्रजेन्द्र कुमार चौबे, प्राचार्य प्रो. अरबिन्द तिवारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े आयुर्वेद रक्षा एवं विकास संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. विवेकानन्द मिश्रा, प्राचार्य श्री अनुप कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री बलराम मिस्त्री, समाजसेवी श्री बिरेन्द्र तिवारी और मंडल अध्यक्ष श्री पवन कुमार जी ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाया।

इस अवसर पर पंडित हरि नारायण त्रिपाठी जी के वे विचार अत्यंत प्रासंगिक लगे कि किसी भी संस्थान की सफलता स्पष्ट लक्ष्य, प्रभावी नेतृत्व, मजबूत टीम, कौशल संवर्धन, कड़ी मेहनत और ईमानदारी जैसे कारकों पर निर्भर करती है। उनका मानना है कि वर्तमान को संवारकर ही एक सुनहरे भविष्य की नींव रखी जा सकती है।कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद चिकित्सक और विशेष अतिथि डॉ. विवेकानंद मिश्र ने मुख्य अतिथि माननीय डॉ. प्रेम कुमार जी के जीवन और उनके कुशल नेतृत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिस सनातन कर्मभूमि पर भारतवर्ष को गौरव है, वहां डॉ. प्रेम कुमार ने अपनी कर्मठता, सक्रियता और समर्पण से एक आदर्श स्थापित किया है। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष जैसे उच्च संवैधानिक पद पर आसीन डॉ. प्रेम कुमार राष्ट्रवादियों की श्रृंखला में एक मजबूत स्तंभ माने जाते हैं। उनका सादगी भरा और कठोर व्यक्तिगत जीवन साहस की एक अद्भुत मिसाल है। निरंतर जनसेवा का प्रभाव यद्यपि उनके स्वास्थ्य पर पड़ा है, किंतु उसकी तनिक भी परवाह किए बिना वे हर मुसीबत में आम जनमानस के लिए सदैव उपलब्ध रहते हैं।डॉ. प्रेम कुमार ने सदैव जनता को सर्वोपरि माना है। उनका नैतिक जीवन और उच्च आदर्श आज के समाज के लिए एक प्रेरणापुंज हैं। यह पूर्ण विश्वास है कि ऐसे कुशल नेतृत्व और समाज के इतने प्रबुद्ध जनों के सानिध्य में एच. के. इंटरनेशनल स्कूल निरंतर अपने शैक्षिक लक्ष्यों की ओर बढ़ता रहेभ और आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया प्रमुख रूप से रंजना पांडेय, किरण पाठक, शारदा साहिबा, बालेश भिक्षु, अभिषेक कुमार, प्रियांशु मिश्रा, अमित त्रिपाठी उल्लेखनीय थे .