पत्रकारों पर जानलेवा हमले के खिलाफ फूटा आक्रोश, आकाश प्रियदर्शी ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
DHIRAJ.
गया :- जिले में हाल ही में तीन पत्रकारों पर हुए जानलेवा हमले के बाद स्थानीय बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है ! इस कायराना घटना की कड़ी निंदा करते हुए विशाल प्राइवेट आईटीआई, बोधगया के ट्रस्टी एवं प्रतिष्ठित युवा पत्रकार आकाश प्रियदर्शी ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है ! प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय बादल सिन्हा के पुत्र आकाश प्रियदर्शी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकारों पर हमला सीधे तौर पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कुचलने का प्रयास है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा !
उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में संलिप्त अपराधियों को जल्द सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो जिले के समस्त पत्रकार एकजुट होकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे ! प्रियदर्शी ने प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों को ऐसी कड़ी सजा दिलाई जाए जो भविष्य में मिसाल बने, ताकि लोकतंत्र की रक्षा करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और ऐसी हिंसक घटनाओं की पुनरावृत्ति दोबारा न हो !
