प्रत्येक शुक्रवार को लगेगा जिलाधिकारी का जनता दरबार, लोगों की समस्याओं का होगा त्वरित निष्पादन

43d19056-298e-41a3-a611-eda5fee9d1aa

दिवाकर तिवारी,

रोहतास। नए जिलाधिकारी नवीन कुमार अब हर माह के प्रत्येक शुक्रवार को जनता दरबार लगाएंगे। जनता दरबार में आम लोगों की फरियाद सुनी जाएगी तथा उसके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी धर्मवीर कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी नवीन कुमार द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 11 बजे से 2 बजे तक जनता दरबार की शुरुआत की गई है। जनता दरबार में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे तथा आन स्पाट हीं मामलों का निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में न्याय के साथ विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। जनता दरबार के आयोजन को लेकर सभी विभागों के पदाधिकारीयों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया गया है तथा जनता दरबार में आने वाले आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर संबंधित पदाधिकारी को भेजा जाएगा। जिससे आम लोगों की समस्याओं का निराकरण करते हुए सरकार की योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके।