नगर निगम के सफाई कर्मियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल, शहर की सफाई व्यवस्था का गहराया संकट ll

दिवाकर तिवारी, रोहतास ll

रोहतास। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियन न्यू के बैनर तले बुधवार को बकाया मजदूरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम सासाराम के सफाई कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। नगर निगम सासाराम परिसर में हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों का कहना है कि नगर निगम से उन्हें बेहतर सुविधा नहीं दी जा रही है। जबकि सफाई कर्मियों के बीते कई माह का पारिश्रमिक, पीएफ, रिटायरमेंट आदि का भुगतान भी बाकी है। जिसको लेकर संघ के अध्यक्ष अशोक बैठा के नेतृत्व में नगर निगम सासाराम के सभी सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस दौरान हड़ताल पर बैठे अध्यक्ष अशोक बैठा ने बताया कि नगर निगम सासाराम के सफाई कर्मियों से लगातार निर्धारित समय से अधिक कार्य लिया जा रहा है और उनके बकाया पारिश्रमिक का भुगतान कई माह से लंबित है। नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा सफाई कर्मियों को लगातार आश्वासन दिया जाता है लेकिन अब तक सफाई कर्मियों का एरियर बकाया, मासिक बकाया, बोनस आदि का भुगतान नहीं किया गया। वहीं नगर निगम से मिलने वाली कई सुविधाएं भी सफाई कर्मियों को नहीं दी जा रही है। जिससे सफाई कर्मियों को जीवन यापन के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की मांग अगर पूरी नहीं होती है तो अनिश्चितकालीन हड़ताल अनवरत जारी रहेगा। गौरतलब हो कि नगर आयुक्त सासाराम तथा मेयर व पार्षदों के बीच उत्पन्न विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ कि नगर निगम सासाराम के सभी सफाई कर्मी अपने विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से धराशाई होने की आशंका जताई जा रही है तथा लोगों को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ेगा। बता दें कि बीते कई दिनों से मेयर एवं नगर आयुक्त के बीच चल रहे विवाद को लेकर शहर का विकास कार्य पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है तथा सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। वहीं अब सफाई कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से बची खुची कसर भी पूरी होती दिखाई दे रही है।

You may have missed