भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सम्राट चौधरी का एक दिवसीय धरना

दिवाकर तिवारी ।

5 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर धरना स्थल पर पहुंचे सम्राट चौधरी.

रोहतास। खबर बिहार के रोहतास जिले से हैं जहां हिंसा मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में एकदिवसीय धरने पर सासाराम पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। धरने को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि आज हमारी लड़ाई अन्याय के खिलाफ चल रही है। सम्राट अशोक जयंती पर गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को नीतीश कुमार ने षड्यंत्र के तहत रद्द करवा कर यहां की जनता को अपमानित करने का काम किया है तथा मुख्यमंत्री के इशारे पर हिंसा मामले में एक पक्षीय कार्रवाई की जा रही है। एक 70 वर्षीय बुजुर्ग जो 5 बार यहां से विधायक रहा तथा जिसने शांति बहाल करने के लिए जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग किया उसे जेल के अंदर डाल दिया गया। एक तरफ मुख्यमंत्री अपराधियों को जेल से बाहर निकाल रहे हैं जबकि दुसरी तरफ संत प्रवृत्ति के लोगों को अंदर डाल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान राम से महागठबंधन के लोगों का कोई लेना देना नहीं है। इनके प्रति इनकी कोई आस्था नहीं है। भाजपा 1989 से हीं भगवान राम के लिए लड़ते आ रही है। लेकिन महागठबंधन के लोगों ने कभी भगवान राम के मंदिर का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को बीच-बीच में प्रधानमंत्री बनने का कीड़ा काटता रहता है तथा वे गजनी की तरह मेमोरी लॉस के शिकार हो गए हैं। आगामी चुनाव में रोहतास की जनता महागठबंधन का जमानत जप्त करने का काम करेगी। वहीं सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा सारे स्थानों से मुगलों का नाम हटाकर भारत के नाम पर करने जा रही है। हम अकबर, औरंगजेब एवं अंग्रेजों आदि की पूजा नहीं कर सकते।
बता दें कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी बुधवार को सासाराम के मंडल कारा में बंद भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे तथा लगभग 5 किलोमीटर साइकिल की यात्रा कर घरनास्थल पर पहुंचे सम्राट चौधरी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया। धरना प्रदर्शन के दौरान स्थानीय सांसद छेदी पासवान, एमएलसी निवेदिता सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील कुमार सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You may have missed