महिला कानून पर जागरूकता शिविर आयोजित, कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संबंधित कानून की दी गई जानकारी

दिवाकर तिवारी ।

रोहतास। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पटना के निर्देश के आलोक में सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास अरुण कुमार श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिले के राजपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित चौधरी चरण सिंह कॉलेज में महिलाओं से संबंधित विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव बृजेश मणि त्रिपाठी, वरीय अधिवक्ता आनन्द प्रकाश मिश्रा एवं कॉलेज के सचिव डॉ शशिकांत द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उक्त कार्यक्रम राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से आयोजित किया गया। जिसमें बताया गया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की स्थापना 31 जनवरी 1992 को जयंती पटनायक की अध्यक्षता में गठित किया गया था। जिसकी वर्तमान अध्यक्ष रेखा शर्मा है। कार्यक्रम में अपना विचार प्रकट करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों के समाधान में राष्ट्रीय महिला आयोग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाओं को संविधान में विशेष अधिकार दिया गया है। महिलाओं को संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों एवं उससे संबंधित कानून की विस्तृत रूप से जानकारी रखनी चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार पर मुख्य रूप से चर्चा की गई एवं उससे बचाव एवं सुरक्षा के लिए संविधान में दिए गए प्रावधानों के बारे में बताया गया। इसके बारे में वरीय अधिवक्ता आनन्द प्रकाश मिश्रा ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आपके साथ कभी भी कोई अत्याचार हो आप संविधान द्वारा प्रदत्त कानून से अपनी रक्षा कर सकती है अथवा कानूनी तौर पर उन्हें सजा दिलवा सकती हैं। संविधान द्वारा आपकी सहायता के लिए अनेक प्रकार के कानून का प्रावधान किया गया है। मौके पर चन्द्रशेखर सिंह, ग्रामीण महिला, जन प्रतिनिधि, लोक अदालत के राजीव कुमार, संजय कुमार, अमरेंद्र कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।