लोकतंत्र को लाठीतंत्र से कुचलने का किया गया प्रयास- एमएलसी संतोष सिंह भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का एक दिवसीय धरना

दिवाकर तिवारी,

रोहतास। विधानसभा मार्च के दौरान पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की रोहतास जिला इकाई ने जिला समाहरणालय के समक्ष महागठबंधन सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरने का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता सुशील चंद्रवंशी व् संचालन जिला महामंत्री अशोक शाह ने किया। धरने को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशील चंद्रवंशी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार गूंगी एवं बहरी हो गई है। शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर नीतीश सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। उन्होने कहा की बंगाल का सीधा असर अब बिहार पर भी पड़ने लगा है। धरने में शामिल होने आए भाजपा एमएलसी संतोष सिंह ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से विधान सभा मार्च कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिस तरह से बिहार सरकार के पुलिसिया गुंडों ने लाठी डंडे बरसाए उससे प्रतीत हो रहा था कि जैसे हम लोग आतंकवादी होंं। इस दौरान पुलिस के डंडे से घायल एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत भी हो गई तथा सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हो गए। जिसके विरोध में बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर भारतीय जनता पार्टी ने आज एक दिवसीय धरने का आयोजन किया है। वहीं कार्यकर्ता की मौत पर उन्होंने कहा कि वीडियो गवाह है कि किस तरह पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठी डंडे व वाटर कैनन छोड़े जा रहे थे। जब भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा मार्च कर रहे थे तो आखिर उनके ऊपर लाठियां क्यों बरसाई गई। उन्होंने बिहार सरकार को चैलेंज करते हुए कहा कि एक भी वीडियो हमें दिखा दीजिए जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने मार्च के दौरान अमर्यादित व्यवहार किया हो। जबकि धरने में शामिल एमएलसी जीवन कुमार ने कहा कि जब जब जनता के ऊपर लाठियां एवं गोलियां चली है तथा लाठियों के बल पर लोकतंत्र व संविधान को कुचलने का प्रयास किया गया है तब तब जनता ने उन्हें गद्दी से बेदखल किया है। शिक्षक अभ्यर्थियों के हित में भाजपा कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा देने का वादा किया गया था। लेकिन जब भाजपा नियोजित शिक्षकों के समर्थन में खड़ी हुई तो सरकार ने उनके कार्यकर्ताओं की हत्या करने का प्रयास किया है। धरना प्रदर्शन के दौरान सासाराम लोकसभा प्रभारी हरेराम चंद्रवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिला महामंत्री अशोक शाह, विजय सिंह, शरदचंद संतोष, सतेन्द्र सिंह, रामायण पासवान, जिला प्रवक्ता संजय कश्यप, सत्यनारायण पासवान, राजीव रंजन सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक तिवारी, नंदजी गुप्ता, इंद्रजीत सिंह, जन्मंजय सिंह, सनीदेवल चंद्रवंशी, कौशल श्रीवास्तव, बृजनंदन कुशवाहा, वंशीधर सेठ, मुना कुमार, रजनीश वर्मा, परमेश्वर सिंह, राकेश श्रीवास्तव, संजय कुमार, मृत्युंजय शुक्ला, विकाश तिवारी, भोला कुमार समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।