मुख्यमंत्री ने वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी राजेन्द्र प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की

मनोज कुमार ।

‘राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार।

पटना,  मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने गया के वजीरगंज निवासी वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी राजेन्द्र प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी थे। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। वे स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गया सेंट्रल जेल में 11 माह तक रहे थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुयी है। मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र श्री पप्पू कुमार से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। स्व० राजेन्द्र प्रसाद सिंह जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।