बूथ सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाने को लेकर भाजपा ने की बैठक

चंद्रमोहन चौधरी।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा वर्तमान में बूथ सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाने को लेकर साईं उत्सव हाल बिक्रमगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक का संचालन सरपंच धनंजय सिंह ने किया। बैठक का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के तैलचित्र पर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार चंद्रवंशी, भाजपा नेता प्रोफेसर डॉ बलिराम मिश्रा, पूर्व विधायक राजेश्वर राज, भाजपा नेता सह पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता संजीव मिश्रा, काराकाट लोकसभा संयोजक सह जिला प्रवक्ता नवीन चंद्र साह व अन्य पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित व दीप प्रज्वलित कर किया। उसके उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत से की गई। तत्पश्चात कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी वरीय नेताओं व कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र व गीता सप्रेम भेंट की। जिलाध्यक्ष श्री चंद्रवंशी ने बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत सभी बिंदुओं को रखा और बताया कि जल्द ही यह इसी प्रकार के कार्यक्रम मंडल और बूथ स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। बैठक में अभियान के उद्देश्यों को विस्तार से बताया गया। पूर्व विधायक राजेश्वर राज ने कहा कि पूरा विश्वास है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर आगामी चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। भाजपा नेता प्रोफेसर डॉ बलिराम मिश्रा ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मेहनत और समर्पण भाव से कार्य करते हुए भाजपा को शिखर पर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा नेता सह एमएलसी संतोष कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए विजय मंत्र दिया तथा कहा कि जब बूथ मजबूत होगा तभी चुनाव में जीत सुनिश्चित होगी। इसलिए आगामी लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में नवगठित कमेटियां बूथ को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने सरल ऐप तथा वेब लिंक्स के उपयोग की भी जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। लोकसभा संयोजक सह जिला प्रवक्ता नवीन चंद्र साह ने बताया कि बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ, शक्तिकेन्द्र, पन्ना प्रमुख, व्हाट्सएप ग्रुप, मन की बात आदि कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। मौके पर सुनील सिंह, अजीत सिंह, पूर्व मुखिया गोपेश प्रसाद, सुरेश कुमार गुप्ता, ललित मोहन सिंह, लव मिश्रा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।