जन सुराज के रोहतास जिला इकाई का गठन, रंजीत सिंह होंगे जिला अध्यक्ष

दिवाकर तिवारी ।

सासाराम। बिहार में व्यवस्था परिवर्तन एवं सशक्त बिहार बनाने के उद्देश्य से राजनीति में कदम रखने वाली जन सुराज पार्टी ने मंगलवार को अपने रोहतास जिला इकाई की घोषणा कर दी है। शहर की एक निजी कैंपस में आयोजित संगठन घोषणा कार्यक्रम के दौरान जन सुराज के मुख्य प्रवक्ता विनोद तिवारी ने बताया कि रोहतास जिले में जनसुराज के जिला कमेटी में 120 पदाधिकारीयों को मनोनीत किया गया है। जो प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक के कार्यकारिणी में शामिल हैं। रंजीत सिंह जन सुराज के नए जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं। जबकि संजय सिंह महासचिव बनाए गए हैं। संगीता कुशवाहा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष होंगी और राकेश सिंह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में सेवा देंगे। इसके अलावा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय जयसवाल, मुख्य प्रवक्ता विनोद तिवारी, नगर अध्यक्ष अतेंद्र सिंह सहित उपाध्यक्ष, महासचिव और सभी प्रकोष्ट के पदाधिकारीयों की भी घोषणा आज जनसुराज पार्टी द्वारा की गई है।

उन्होंने कहा कि एक संगठन के रूप में जनसुराज बिहार में पिछले वर्ष दो अक्टूबर से कार्य कर रहा है, लेकिन जिले में पहली बार संगठन की घोषणा की गई है। जन सुराज ‘सही लोग सही सोच एवं सामूहिक प्रयास’ के नारे को जन-जन तक पहुंचाएगी ताकि एक समृद्ध बिहार बनाने की परिकल्पना को साकार किया जा सके। कहा कि पार्टी के मजबूती के लिए डोर टू डोर कार्यकर्ता संपर्क करेंगे और जनसुराज पार्टी के विजन को जनता के समक्ष रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष बिहार के चार सीटों पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी ने अपने उम्मीदवार घोषित किए थे और चारों सीटों पर जनसुराज को करारी हार मिली थी। हालांकि इमामगंज और बेलागंज की सीटों पर पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। जिसको देखते हुए जन सुराज ने अब बिहार के सभी 243 सीटों पर बिहार विधानसभा 2025 के चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।