भाजपा विधायक की गिरफ्तारी का भाजयुमो ने किया विरोध

दिवाकर तिवारी ।

रोहतास। भारतीय जनता युवा मोर्चा की रोहतास जिला इकाई ने शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहे पर रविवार को भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाया। विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा सासाराम से भाजपा के पांच बार विधायक रहे जवाहर प्रसाद को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने के चक्कर में बिहार को पूरी तरह से भूल गए हैं। आज पूरे बिहार में अराजकता का माहौल है तथा अपराधियों को सरकार से संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे 5 बार के विधायक रहे जवाहर प्रसाद को दंगा के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि डीआईजी, एसपी सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ जवाहर प्रसाद ने पूरे शहर में घूम घूम कर शांति व्यवस्था कायम करने में प्रशासन का भरपूर सहयोग किया। इसके विपरित एक महीने बीत जाने के बाद सरकार के इशारे पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसलिए भाजपा जवाहर प्रसाद को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग करती है अन्यथा आगे भी आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, भाजपा नेता पंकज सिंह, शरत चंद्र संतोष, बिट्टू कुमार, राकेश रंजन सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।