बालू घाट पर गहरे गड्ढों से बढ़ा खतरा, ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीओ ने खनन विभाग को जांच का निर्देश
correspondent.
शेरघाटी। गुरुआ प्रखंड के बैजू बिगहा बेलौटी स्थित क्लस्टर संख्या 13 बालू घाट पर मानक से अधिक गड्ढा कर बालू उठाव किए जाने से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शेरघाटी के एसडीओ मनीष कुमार ने बालू घाट का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य यह जानना था कि बालू खनन के दौरान तय नियमों और पर्यावरणीय मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा निर्धारित गहराई से कहीं अधिक खुदाई कर बालू का उठाव किया जा रहा है। इससे नदी के किनारे असंतुलन पैदा हो गया है और क्षेत्र में खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गहरे गड्ढों के कारण खासकर बरसात के मौसम में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मवेशियों के फिसलकर गड्ढों में गिरने और बच्चों के डूबने का खतरा हमेशा बना रहता है। इसके साथ ही अत्यधिक खनन से पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
एसडीओ के निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया कई स्थानों पर खनन मानकों के उल्लंघन के संकेत मिले। इसके बाद एसडीओ मनीष कुमार ने खनन विभाग को पूरे मामले की तकनीकी एवं प्रशासनिक जांच कर शीघ्र विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संवेदक के साथ-साथ अवैध खनन में संलिप्त अन्य लोगों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।एसडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य केवल राजस्व वसूली नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अवैध बालू खनन पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण और कड़ी निगरानी जारी रहेगी। ग्रामीणों ने भी नियमों के अनुसार ही बालू उठाव कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।