जय श्रीराम के जयघोष के साथ निकली भव्य शोभायात्रा भगवा मय हुआ शेरघाटी।

संवाददाता,

शेरघाटी।हिन्दुओं का प्रमुख त्योहार रामनवमी शेरघाटी में परंपरागत आस्था हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में शहर के प्रमुख स्थानो के अलावा मुख्य मार्ग पूरी तरह भगवा ध्वज से पटा नज़र आया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्म दिवस को रामनवमी के रूप में मनाने की परंपरा है।
श्री रामनवमी पूजा समिति द्वारा शहर में सोमवार को हवा में लहराते भग्वा ध्वज के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इस दौरान बैंड बाजे और भक्ति गीतों से पूरा इलाका गुंजायमान रहा। मुख्य रथ के साथ एक दर्जन से अधिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कई जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। देर रात तक शोभायात्रा देखने के लिए शहर की सड़कों पर भीड़ जमा थी।
इस मौक़े पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम हनुमान एवं अन्य देवी देवताओं के स्वरूपों में प्रस्तुत झांकी और शिव तांडव नृत्य लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना रहा। जय श्रीराम के जयघोष साथ जुलूस में बड़ी संख्या में शामिल लोग बैंडबाजे एवं भक्ति गीतों पर थिरकते हुए आगे की ओर बढ़ते रहें।
शोभायात्रा में झारखंड एवं बिहार के विभिन्न जिलों से पारंपरिक ढोल बाजे आधुनिक बैंड पार्टी की टीम ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं स्थानीय ढोल बाजे एवं सिंघा बजाने वाले कलाकारों ने भी अपना जलवा बिखेरा। शेरघाटी अग्रवाल सेवा समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी शोभा यात्रा में शामिल लोगों के लिए छोला चार्ट का इंतजाम किया गया था। वहीं स्थानीय स्वर्णकार संघ के द्वारा पेय जल का इंतज़ाम किया गया था।
शोभा यात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन पूरी तरह चौकस रही. शहर के विभिन्न गली व संवेदनशील स्थानों के अलावा मुख्य मार्ग में पुलिसबल की तैनाती की गई थी।
इस दौरान शेरघाटी प्रशासन के सभी अधिकारी एवं पदाधिकारी मुस्तैद रहे।