सफेद सोना उगल रही रोहतास की धरती, नौहट्टा, अमझोर के बाद इंद्रपुरी में अफीम के अवैध खेती का खुलासा

दिवाकर तिवारी

सासाराम। जिले के पहाड़ी एवं सोन नदी के तटीय इलाकों में इन दिनों अफीम की अवैध खेती का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। कायदे कानून को ताक पर रखकर कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से लोग पहाड़ी व तटीय इलाकों में चोरी छिपे अफीम की खेती कर रहे हैं। इन्हें ना तो पुलिस का भय है और ना हीं समाज में नशे की फैलती लत से कोई लेना देना।
लेकिन इन सब के बावजूद रोहतास पुलिस भी जिले में हो रही अफीम की अवैध खेती के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और एक के बाद एक तीन जगहों पर अफीम की अवैध खेती को विनष्ट किया गया है। जिससे नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
ताजा मामला रोहतास जिले के इंद्रपुरी से सामने आया है जहां सोन नदी के टीले पर शुक्रवार को लगभग आठ डीसमिल में की गई अवैध खेती को पुलिस ने जप्त कर विनष्ट कर दिया। मामले में एएसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के सिकरियां सोन नदी टीले पर करीब आठ डीसमील सरकारी भूमि पर अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दंडाधिकारी एवं एफएसएल टीम की उपस्थिति में सबूत इकट्ठा कर पूरी फसल को नष्ट कर दिया है और अफीम के अवैध खेती से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। एएसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की बिना अनुमति खेती करना गैर कानूनी है। अफीम की अवैध खेती के साथ-साथ व्यापार के नेटवर्क का भी खुलासा करने में पुलिस जुटी हुई है। अफीम सहित अन्य मादक पदार्थों की खेती, व्यापार, परिवहन व तस्करी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मादक पदार्थ होने के कारण अफीम की खेती एवं व्यापार को प्रतिबंधित किया गया है। हालांकि सरकार की अनुमति से अधिसूचित क्षेत्रों में अफीम की खेती के लिए लाइसेंस दिया जाता है, लेकिन बिहार ने अफीम की खेती को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। जिसको लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है और पुलिस की कार्रवाई से अफीम की अवैध रूप से खेती कर रहे लोगों में हड़कम्प भी मचा हुआ है। वहीं जिले में अफीम की अवैध खेती से एक तरफ नशा भी अपना पैर पसार रहा है। गांव-गांव में युवा नशे की जद में आ रहे हैं और गांजा, चरस, हीरोइन, स्मैक आदि पीने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जो जिले के भविष्य के लिए एक अशुभ संकेत है।