नगर निगम की कारगुजारी से दिव्यांग महिला परेशान, डीएम से लगाई गुहार

WhatsApp Image 2024-12-27 at 6.03.14 PM

DIWAKAR TIWARY.

नाला निर्माण के लिए 6 महीने से घर के सामने खोदा गया है गढ्ढा, दिव्यांग महिला घर में रहने को मजबूर

सासाराम। शहर में विकास के नाम पर नगर निगम की लापरवाही अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। शहर में ऐसा कोई हिस्सा नहीं है जहां गड्ढे खोदकर ना छोड़े गये हों। गड्ढा खोदने के बाद उसे ना तो ठीक से भरा जा रहा और ना हीं उसकी मरम्मत की जा रही है। जिससे शहर वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक ऐसी हीं परेशानी को लेकर शुक्रवार को नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 9 बेदा के गांधीनगर निवासी एक दिव्यांग महिला ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। दिव्यांग महिला पूनम देवी ने बताया कि उसके घर के सामने पिछले 6 महीने से नाले के लिए गड्ढ़ा की खुदाई की गई है परंतु ना तो नाली का निर्माण कराया गया और ना हीं उसे भरा जा रहा है। गड्ढे में अब आसपास के लोग कचड़ा भी फेंकते हैं जिसके कारण उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। महिला ने बताया कि गड्ढे की वजह से उनका दुकान नहीं खुल पा रहा और उन्हें घर से निकलने में भी काफी परेशानी हो रही है। दिव्यांग महिला का कहना है कि पिछले 6 महीने से नाला निर्माण के लिए उनके दरवाजा के सामने हीं खुदाई की गई है।

दिव्यांगता की वजह से नाला पार करने में भी समस्या होती है। इतना ही नहीं उस गड्ढे में आसपास के लोग कूड़ा कचड़ा भी फेंकते है, जिसकी बदबू से वहां रहना अब मुश्किल हो रहा है। महिला ने बताया कि इसको लेकर नगर निगम में भी गुहार लगाई थी बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई और न हीं नाले का निर्माण करवाया गया। अंततः मजबूर होकर जिलाधिकारी से मिलना पड़ा। दिव्यांग महिला ने जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर अपनी व्यथा बताई है। ताकि उसकी समस्याओं का हल हो सके। उल्लेखनीय है कि शहर में विकास के नाम पर नाला निर्माण को लेकर जगह-जगह खुदाई करवाई गई है लेकिन अभी तक विभिन्न जगहों पर पिछले कई महीनों से खुदाई कर के छोड़ दिया गया है। साथ हीं साथ नगर निगम क्षेत्र में बुडको द्वारा हर गली में खुदाई कर पेयजल पाइप लाइन बिछाया गया है, लेकिन उसकी भी सही से मरम्मती नहीं करवाई गई है जिसके कारण शहर पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो चुका है और लोगों को पैदल चलने में भी मुश्किलें आ रही हैं।