जिले में धूमधाम से मनाया गया बिहार दिवस

दिवाकर तिवारी ।

बिहार दिवस कार्यक्रम का प्रभातफेरी से आगाज, सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी लोगों ने उठाया लुफ्त

रोहतास। रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में बुधवार को बिहार दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रभातफेरी से की गई। जहां जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार एवं उप विकास आयुक्त शेखर आनंद सहित उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने सासाराम रेलवे स्टेशन परिसर से प्रभातफेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो धर्मशाला मोड़, पोस्ट ऑफिस चौक, कचहरी मोड़ होते हुए फजलगंज स्थित न्यू स्टेडियम तक मार्च किया। प्रभातफेरी में एनसीसी कैडेट्स सहित विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में आए बच्चों एवं जिलास्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। साथ हीं इस अवसर पर एनसीसी द्वारा साइकिल रैली भी निकाली गई। वहीं प्रभात फेरी के पश्चात मुख्य कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर बिहार दिवस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान अपने संबोधन में डीएम ने कहा कि 1912 में बिहार राज्य के गठन से लेकर अब तक अपना प्रदेश दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। बिहार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए प्रतिवर्ष 22 मार्च को बिहार दिवस पूरे प्रदेश में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। जिससे प्रदेशवासियों को गर्व की अनुभूति होती है। इस दौरान बिहार दिवस के उपलक्ष में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रकार के खेलों जैसे खो-खो, साईकिल रेस, कुर्सी दौड़, स्पून रेस आदि का आयोजन किया गया तथा विजेता खिलाड़ियों को जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। साथ हीं जिला प्रशासन द्वारा अपराहन 6 बजे से संस्कृति कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय कलाकारों सहित बाहरी कलाकारों ने अपना जलवा दिखाया तथा इस दौरान दर्शकों ने भी कार्यक्रम का खूब आनंद उठाया। मौके पर डीडीसी शेखर आनंद, वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, डेहरी एसडीएम चंद्रिमा अत्रि, सदर एसडीओ मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ केएन तिवारी, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी, डीटीओ रामबाबू, वरीय उपसमाहर्ता राहुल कुमार, नजारत उपसमाहर्ता भानु प्रकाश सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, एनसीसी कैडेट व दर्शक आदि उपस्थित रहे।