यूपी में हुए भीषण सड़क हादशे में रोहतास के तीन लोगों की दर्दनाक मौत, चार अन्य घायल

दिवाकर तिवारी ।

रोहतास। उत्तर प्रदेश के चंदौली में राष्ट्रीय राजमार्ग 2 पर शुक्रवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में रोहतास जिले के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि इस घटना में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में पिता-पुत्र सहित एक अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे के आसपास की है। जिसके संबंध में बताया जाता है कि रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र अंतर्गत विसंभरपुर निवासी राजकिशोर चौधरी अपने परिवार के साथ विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चंदौली जिले के झांसी गांव के समीप नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी ट्रक में घुस गई। जिससे कार सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के विसंभरपुर निवासी 32 वर्षीय राजकिशोर चौधरी एवं उनके पुत्र 5 वर्षीय आरूष चौधरी और उनके साले मढ़ैना गांव के निवासी 22 वर्षीय शैलेश कुमार के रूप में हुई।
इधर घटना की सूचना पाते ही सगे सम्बन्धियों में कोहराम मच गया।
वहीं दूसरी ओर रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 2 स्थित टोल प्लाजा के पास अपने ड्यूटी पर जा रही पिंकी किन्नर की मौत ट्रक के धक्के से हो गई। घटना के संदर्भ में किन्नर गुड्डी ने बताया कि दिनारा के किन्नर पिंकी ड्यूटी के लिए सासाराम टोल प्लाजा पर जा रही थी तभी एक ट्रक ने धक्का मार दिया। जहां गंभीर हालत में किन्नर पिंकी को एन एच आई के एंबुलेंस कर्मियों ने सदर अस्पताल सासाराम पहुंचाया तथा इलाज के दौरान किन्नर की मौत हो गई।घटना के बाद किन्नर समाज लोगों में मातम छाया हुआ है। वहीं लोगों ने सरकार से सहायता की भी मांग की है।