मनमानी का आरोप: सड़क निर्माण के दौरान फसल व पेड़ नष्ट, जमीन मालिक ने की कार्रवाई की मांग
PREM KUMAR.
परैया। प्रखंड क्षेत्र के मांझीयामा पंचायत में सड़क निर्माण कार्य के दौरान जमीन मालिक की फसल और पेड़ों को कथित रूप से नष्ट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जमीन मालिक रामचंद्र शर्मा ने पंचायत के मुखिया पति राजकुमार दाँगी पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।रामचंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी निजी जमीन पर लगी फसल और कई पेड़ों को बिना पूर्व सूचना और बिना वैध अनुमति के नष्ट कर दिया गया। जब उन्होंने इस संबंध में मुखिया पति राजकुमार दाँगी से अंचलाधिकारी द्वारा जारी एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के बारे में पूछा, तो कथित रूप से राजकुमार दाँगी ने कहा कि “जहाँ जाना है जाओ, सड़क निर्माण कार्य नहीं रुकेगा।
”जमीन मालिक का आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर उनकी जमीन पर लगे कई पेड़ों को काटकर नष्ट कर दिया गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार का वैध आदेश या प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, जो पूरी तरह मनमानी दर्शाता है।इस संबंध में रामचंद्र शर्मा ने अंचलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कराने एवं दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से न्याय दिलाने की अपील की है।वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।अंचलाधिकारी ने कहा कि आवेदन प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।