जीबीएम कॉलेज में “राष्ट्र सेवा और महिलाएँ” विषय पर लघु संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
DHIRAJ.
कैडेटों एवं स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत गीत एवं नृत्य की दी मनमोहक प्रस्तुति
गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह के तहत एनसीसीसी इकाई, एनएसएस इकाई एवं कला परिषद के संयुक्त तत्ववधान में “राष्ट्र सेवा और महिलाएँ” विषय पर लघु संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनसीसीसी 6 बिहार बटालियन के कमांडिंग अॉफिसर कीर्ति चक्र कर्नल पंकज कुमार उपाध्याय की गरिमामय उपस्थिति रही। कर्नल पंकज कुमार, प्रोफेसर इनचार्ज डॉ शगुफ्ता अंसारी, एनसीसीसी केयर टेकर अॉफिसर डॉ नगमा शादाब, एनएसएस प्रोग्राम अॉफिसर डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी एवं उपस्थित प्रोफेसरों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
लघु संगोष्ठी में कर्नल पंकज कुमार ने कैडेटों एवं स्वयंसेवकों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने जीवन को राष्ट्र सेवा में लगाने की बात कही। एनसीसीसी सीटीओ डॉ नगमा ने भारतीय सेना में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कैडेटों को एकता और अनुशासन के सिद्धांत पर चलते हुए इंडियन आर्मी के रूप में देश सेवा करने का परामर्श दिया। वहीं डॉ रश्मि ने कहा कि हम अपने कर्तव्यों एवं अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर ही राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, सेना, चिकित्सा, विज्ञान, प्रशासन, न्यायपालिका, व्यवसाय, साहित्य एवं कला आदि सभी क्षेत्रों बढ़चढ़कर अपना योगदान दे रही हैं। आज महिलाएँ महज घर और परिवार की सेवा तक ही सीमित नहीं रह गई हैं। वे देश और समाज को भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश में लगी हैं। डॉ रश्मि ने राष्ट्र और सेवा के विस्तृत स्वरूप की व्याख्या करते हुए सभी छात्राओं को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने कहा। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ शगुफ्ता अंसारी ने महिलाओं को समय, संसाधन, ज्ञान उपलब्ध करवाने की बात कही। उन्होंने छात्राओं को राजनीति एवं प्रशासन में भी अपनी योग्यता सिद्ध करने के लिए परामर्श दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल ने भी छात्राओं और महाविद्यालय परिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कैडेट शुभांगी मिश्रा, प्रीति, मुन्नी एवं श्वेता ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। साक्षी, स्वेच्छा रानी, ब्यूटी कुमारी, मानसी कुमारी एवं शीतल कुमारी द्वारा भारतीय संस्कृति एवं महिला सशक्तीकरण के थीम को चित्रित करते सांस्कृतिक नृत्यों के प्रदर्शन ने सभागार को जीवंत कर डाला। कैडेट आँचल ने एकल नृत्य की प्रस्तुति दी। छात्राओं ने महिला सशक्तीकरण पर पोस्टर भी बनाए और उन्हें प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आँचल, रिया, नैना, रिया, अन्या, कसक सहित उपस्थित सभी एनसीसीसी कैडेटों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों की संयुक्त सहभागिता रही। कार्यक्रम में डॉ जया चौधरी, डॉ अनामिका कुमारी, प्रीति शेखर, डॉ अमृता कुमारी घोष, डॉ फरहीन वज़ीरी, डॉ दीपिका, डॉ वीणा कुमारी, डॉ सीमा कुमारी, डॉ किरण कुमारी सहित अनेक छात्राओं की उपस्थिति रही।
