ईख उत्पादन को बढ़ावा देने की पहल. -ईख विभाग के सहायक निदेशक ने मां तारा नगरी केसपा का किया दौरा
विश्वनाथ आनंद .
टिकारी( बिहार)- ईख के उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईख विभाग के सहायक निदेशक प्रगेंद्र गर्ग ने अपनी टीम के साथ माँ तारा नगरी केसपा का दौरा किया। दौरे के क्रम में उन्होंने माँ तारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।इसके बाद ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें ईख की उन्नत खेती, सरकारी योजनाओं एवं उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। सहायक निदेशक ने घोषणा की कि आगामी सोमवार को गांव में किसानों के साथ एक वृहद बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अधिक से अधिक किसानों को शामिल कर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को मुफ्त ईख का बीज उपलब्ध कराएगी, ताकि लागत कम हो और उत्पादन में वृद्धि हो सके। विभाग की ओर से तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।ग्रामीण हिमांशु शेखर ने कहा कि ईख एक महत्वपूर्ण नगदी फसल है और इसकी खेती से किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में ईख की खेती अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर हिमांशु शेखर, सुनील शर्मा, रविन्द्र शर्मा, पैक्स अध्यक्ष सुबोध शर्मा, श्याम नंदन शर्मा, उदय शर्मा, देवेंद्र शर्मा सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।