परैया थाना सड़क पर सालों भर जलजमाव, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी

WhatsApp Image 2026-02-12 at 5.12.38 PM

PREM KUMAR.

परैया (गया): परैया थाना जाने वाली मुख्य सड़क पर बिना वर्षा के भी सालों भर पानी का जमाव बना रहता है। हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते से परैया थाना के थाना अध्यक्ष, +2 उच्च विद्यालय के शिक्षकगण, स्वामी धरणीधर महाविद्यालय के प्रोफेसर तथा अंचल अधिकारी केशव किशोर सहित अन्य पदाधिकारी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। बावजूद इसके समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की धूप या गर्मी के दिनों में भी सड़क पर पानी भरा रहता है, जिससे यह अंदेशा होता है कि कहीं न कहीं जलनिकासी की गंभीर समस्या है।

नाली व्यवस्था ठप रहने या पाइप लाइन लीकेज जैसी संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। वर्षों से बनी इस समस्या के कारण सड़क पर कीचड़ और दुर्गंध की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को झेलनी पड़ती है। +2 उच्च विद्यालय और आसपास के अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी जाते हैं, जिससे चोट लगने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था की जाए और पानी जमा होने के मूल कारण की जांच कर शीघ्र समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि जब इस मार्ग से रोजाना अधिकारी औरजनप्रतिनिधि गुजरते हैं, तो समस्या से अनभिज्ञ रहना संभव नहीं है। अब जरूरत है त्वरित कार्रवाई की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।