प्रखण्ड कार्यालय में कर्मियों की अनुपस्थिति पर जदयू अध्यक्ष भड़के, लापरवाही का लगाया आरोप
PREM KUMAR.
परैया । प्रखण्ड के जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष सह सूत्री उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद विद्यार्थी ने प्रखण्ड कार्यालय के कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर मनमानी और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया है। गुरुवार को प्रखण्ड कार्यालय पहुंचने पर वहां की स्थिति देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।सुरेश प्रसाद विद्यार्थी ने बताया कि कार्यालय लगभग खाली पड़ा था तथा अधिकांश कर्मचारी और अधिकारी अनुपस्थित थे। उन्होंने इसे सरकारी कार्यप्रणाली के प्रति गंभीर लापरवाही और जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति करार दिया। उनका कहना था कि कर्मचारियों की अनुपस्थिति से कार्यालय का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आम लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए प्रखण्ड कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन कर्मचारियों एवं अधिकारियों के नहीं रहने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। इससे आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सरकारी व्यवस्था की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।जदयू प्रखण्ड अध्यक्ष ने संबंधित वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषी कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रखण्ड कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए भटकना न पड़े।