परैया बाजार में रोजाना लग रहा जाम, आम लोगों से लेकर थाना अध्यक्ष तक परेशान
PREM KUMAR.
परैया (गया)। परैया बाजार में इन दिनों आए दिन सड़क जाम की समस्या देखने को मिल रही है। लगातार लग रहे जाम के कारण आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों, अभिभावकों और मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।गुरुवार को जाम की स्थिति उस समय और चर्चा में आ गई जब परैया थाना के थाना अध्यक्ष स्वयं जाम में फंस गए। बताया जाता है कि उन्हें किसी आवश्यक कार्य से आमोखार जाना था, लेकिन बाजार में लगे जाम के कारण उन्हें भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण, सड़क किनारे बेतरतीब वाहन पार्किंग और ठेला-खोमचा लगाने के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे थोड़ी सी भी भीड़ होने पर जाम लग जाता है। कई बार एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।
आगामी 15 फरवरी को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शहीद सुवेदार संतोष कुमार की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने परैया आने वाले हैं। ऐसे में बाजार की यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब वीआईपी कार्यक्रम नजदीक है, तब भी अंचल अधिकारी और थाना प्रशासन द्वारा जाम की स्थायी समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया जाए, नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।अब देखना होगा कि प्रशासन जाम की इस गंभीर समस्या पर कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है।