बिहार के हर पंचायत में स्टार्ट-अप्स की क्रांति आए-विकास वैभव

download

S.K.RAJIV.

बेंगलुरू के ऑक्सफोर्ड काॅलेज सभागार में Let’s Inspire Bihar के अंतर्गत आयोजित हुए ‘बिहार @ 2047 विजन काॅन्क्लेव (सीजन 3 : स्टार्ट-अप काॅन्क्लेव)’ की ऐतिहासिक सफलता पर मैं बिहार के माननीय उद्योग मंत्री डाॅ Dilip Jaiswal जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपने अत्यंत व्यस्ततम समय में से बहुमूल्य समय निकालकर बेंगलुरू तक की लंबी यात्रा की तथा उद्घाटनकर्ता सह मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सहित संपूर्ण देश एवं विदेश के अनेक स्थानों के एकत्रित एंजल निवेशकों, स्टार्ट-अप संस्थापकों, युवा नेतृत्वकर्ताओं, उद्यमियों, कार्पोरेट पेशेवरों तथा महिलाओं को बिहार के विकास के लिए स्टार्ट-अप्स एवं उद्यमिता की आवश्यकता तथा बिहार सरकार की भावी योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शित किया । प्राप्त मार्गदर्शन से निश्चित ही हम सभी लाभान्वित होंगे और बिहार में ‘उद्यमिता की क्रांति’ लाने के निमित्त गतिमान प्रयास और तीव्र गति धारण करेंगे । इस अवसर पर विशेष रूप से बिहार से बेंगलुरू पधारे बैकुंथपुर के माननीय विधायक Mithilesh Kumar Tiwari जी तथा डिहरी के माननीय विधायक Rajeev Ranjan Singh Ljp जी का भी मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ । आपकी गरिमापूर्ण उपस्थिति से काॅन्क्लेव के सभी सहभागी अत्यंत उत्साहित रहे तथा आपके महत्वपूर्ण वक्तव्यों से अत्यंत प्रभावित हुए ।

मैं इस अवसर पर अभियान में साथ जुड़े सभी सदस्यों तथा विशेष रूप से काॅन्क्लेव की मुख्य आयोजक प्रियंका झा जी तथा बेंगलुरू अध्याय की कोर टीम के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई देना चाहता हूँ । यह आप सभी के बिहार के प्रति संकल्पित निःस्वार्थ भाव, परिश्रम एवं समर्पण का ही प्रतिफल है कि आज बेंगलुरू में सभागार की क्षमता से अत्यधिक 1,200+ व्यक्ति विश्व भर से एकत्रित हो सके और काॅन्क्लेव में नव बिहार की प्रबल गूंज स्पष्ट थी । पूरा राष्ट्र हमारी ओर आशा के साथ देख रहा है और आज के कार्यक्रम से निश्चित ही हमारा संकल्प सुदृढ़ और हमारा सामुहिक अभियान प्रबल रूप से और सशक्त हुआ है । मेरा स्वप्न है कि बिहार के हर पंचायत में स्टार्ट-अप्स की ऐसी क्रांति आए जिससे आने वाले दिनों में प्रति व्यक्ति आय में बिहार संपूर्ण राष्ट्र में अग्रणी बन जाए ।

मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि जाति-संप्रदाय, लिंगभेद और विचारधारात्मक मतभेदों से परे उठकर 3,00,000+ सीधे रूप से जुड़े राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सदस्यों के साथ आज लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान बिहार के विकास हेतु सबसे बड़ा सामाजिक आंदोलन बन चुका है जिसमें इस काॅन्क्लेव के पश्चात अब 18 जनवरी, 2026 को हैदराबाद के टी-हब तथा 22 फरवरी, 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘बिहार डेवलपमेंट समिट 2026’ निर्धारित हैं । आज काॅन्क्लेव में बिहार @ 2047 विजन डाक्यूमेंट के विमोचन के साथ विकसित बिहार के निर्माण का रोडमैप साझा किया गया, जिसे वेबसाइट से सभी प्राप्त कर सकते हैं । काॅन्क्लेव के कुछ दृश्य साझा कर रहा हूँ, शेष आगे करूंगा । यात्रा गतिमान है !