केसपा में नहर किनारे सड़क निर्माण की जांच
विश्वनाथ आनंद .
टिकारी( बिहार)-आम जनों की बहुप्रतीक्षित मखदुमपुर–केसपा–रतनी नहर किनारे सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति एवं गुणवत्ता में कमी को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।बुधवार को केसपा गांव में निर्माण कार्य की जांच के लिए विभाग के पदाधिकारी एसी योगेंद्र पंडित एवं एई आकांक्षा पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान एसी योगेंद्र पंडित ने घटिया निर्माण कार्य पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने संवेदक को कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।मौके पर उपस्थित ग्रामीण हिमांशु शेखर ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से सांसद आदर्श ग्राम केसपा स्थित लोक आस्था के महाकेंद्र मां तारा देवी मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी, जिससे ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।श्री शेखर ने निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस संबंध में जिला पदाधिकारी को भी अवगत कराया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
