नम आंखों से बारा नरसंहार की मनाई गई 35वीं शहादत दिवस
विश्वनाथ आनंद .
गया जी (बिहार )- गया जी जिला के टिकारी प्रखंड अंतर्गत बारा नरसंहार की 35वीं शहादत दिवस नम आंखों एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सभी ग्रामीणों ने सामूहिक हवन कर शहीद किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा के अंत में 2 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।ज्ञात हो कि 12 फरवरी 1992 की रात्रि में नक्सलियों द्वारा 35 निर्दोष किसानों की निर्मम हत्या कर दी गई थी।
इस हृदयविदारक घटना की स्मृति में प्रत्येक वर्ष शहादत दिवस का आयोजन किया जाता है।सभा समाधि स्थल के निकट राष्ट्रवादी किसान संगठन के तत्वावधान में शहादत दिवस सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने शहीद किसानों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। वक्ताओं ने समाज में एकता और मजबूती बनाए रखने पर बल दिया।इस अवसर पर वक्ताओं ने नीट छात्रा गायत्री की हत्या की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच की मांग भी उठाई और दोषियों को कड़ी सजा देने की अपील की।कार्यक्रम में ग्रामीण मदन शर्मा, सत्येंद्र शर्मा, उमा शर्मा, राकेश शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर, पूर्व प्रमुख राकेश कुमार, राम जी शर्मा, जितेंद्र शर्मा, बजेश शर्मा, नीरज कुमार तथा स्व. ब्रह्मेश्वर सिंह के पुत्र इंदुभूषण सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।