दाउदनगर में श्रद्धा पूर्वक याद किए गए शहीद ए आजम भगत सिंह एवं उनके साथ शहीद हुए दो साथी राजगुरु और सुखदेव
विश्वनाथ आनंद .
औरंगाबाद (बिहार)-औरंगाबाद जिला के दाऊदनगर में श्रद्धापूर्वक याद किए गए शहीद ए आजम भगत सिंह एवं उनके साथ शहीद हुए दो साथी- राजगुरु और सुखदेव ! आज यहां शहीद भगत सिंह नगर(गुलजारपुर),दाऊदनगर में स्थित संस्थान के कार्यालय प्रांगण में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों समेत आम लोगों एवं विभिन्न विद्यालयों के बच्चे ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया !
इस अवसर पर उपस्थित सारे लोगों ने सर्वप्रथम शहीदों के सम्मान में खड़े होकर दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए ! तत्पश्चात शहीदों के सम्मान में यहां आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा का विधिवत उद्घाटन भाकपा (माले) के राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड अनवर हुसैन ने किया तथा उन्होंने अपना सारगर्भित वक्तव्य प्रस्तुत किया । उन्होंने अपने उद्बोधन में यह बताया कि आज भगत सिंह और उनके साथियों का शहादत दिवस ऐसे समय में मनाया जा रहा है जब विश्व साम्राज्यवाद का सरगना अमेरिका और उसका लठैत इजरायल तमाम अंतरराष्ट्रीय कानूनों को धता बताते हुए पूरी बेशर्मी के साथ ईरान पर हमला कर दिया है क्योंकि ईरान ने अपनी संप्रभुता को अक्षुण्ण रखते हुए अमेरिका के आदेशों को मनाने से इनकार कर दिया है ।
जबकि, दूसरी तरफ हमारे देश में बचे-खुचे सीमित लोकतंत्र को भी समाप्त करने की साजिश रचने वालेबमौजूद शासक-वर्ग ने अमेरिका के तलवे चाटते हुए पूरी बेशर्मी के साथ अमेरिका इजरायल के पक्ष में खड़ा है । लेकिन उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि हमारे देश की बहुसंख्यक आम जनता ने इस युद्ध में अमेरिकी साम्राज्यवाद का विरोध करते हुए ईरान के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की है ! उन्होंने कहा कि आज हमारे देश के पूंजीवादी लोकतंत्र की विभिन्न राजनीतिक पार्टियां ही भ्रष्ट नहीं हुई हैं बल्कि व्यवस्थापिका,कार्यपालिका,न्यायपालिका एवं मीडिया समेत लोकतंत्र के सारे पाए जर्जर और भ्रष्ट होते हुए दिख रहे हैं । ऐसे में आज हमें भगत सिंह का वह वक्तव्य याद आता है जब उन्होंने कहा था – “केवल अंग्रेजों को देश छोड़कर चले जाने एवं उनके चमचे राय बहादुरों एवं खान बहादुरों के सत्ता में आ जाने से देश के लाखों करोड़ों मेहनतकश मजदूरों-किसानों को कोई लाभ नहीं होगा जब तक कि देश में एक समाजवादी समाज नहीं बनाया जाता है !” उन्होंने कहा कि आज भगत सिंह का वह वक्तव्य हमें बिल्कुल सही और सटीक नजर आ रहा है ।
इस श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए इस संस्थान के सचिव सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि हिन्दुस्तान को एक समाजवादी राष्ट्र बनाने तथा देश में जाति,धर्म,क्षेत्र,भाषा, नस्ल,इत्यादि के नाम पर आज चलाई जा रही राजनीति का विरोध करते हुए देश के लोगों के बीच अमन और भाईचारा के लिए कार्य करना हीं आज इन शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी ।इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला नेत्री मीना सिंह ने कहा कि भगत सिंह और उनके साथियों का सपना था कि समाज में महिलाओं को बराबरी का स्थान मिले लेकिन आज महिलाओं को संसद में आरक्षण का महज लॉलीपॉप दिखलाया जा रहा है तथा उनके खिलाफ विभिन्न प्रकार की हिंसा में लगातार वृद्धि हो रही है
