टिकारी राज इंटर कॉलेज में महाराजा कैप्टन गोपाल शरण सिंह की स्मृति समारोह आयोजित
विश्वनाथ आनंद .
टिकारी( बिहार)- ऐतिहासिक नगरी टिकारी स्थित टिकारी राज इंटर कॉलेज के प्रांगण में महाराजा कैप्टन गोपाल शरण सिंह की स्मृति में पहली बार भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मंत्री सह राज्य सवर्ण आयोग के अध्यक्ष डॉ महाचन्द्र प्रसाद सिंह ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित महाराजा कैप्टन गोपाल शरण सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद डॉ महाचन्द्र प्रसाद सिंह, सेवानिवृत्त विशेष सचिव राय मदन किशोर, प्रभारी प्राचार्य मनु मणि, पूर्व प्राचार्य डॉ सच्चितानंद प्रेमी, साहित्यकार राकेश कुमार सिन्हा ‘रवि’, राम कृष्ण मिश्र, उप प्रमुख गया दत्त शर्मा एवं आयोजक हिमांशु शेखर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त अपर पुलिस महानिदेशक राज्यवर्धन शर्मा ने की, जबकि संचालन संजय अथर्व ने किया।वक्ताओं ने टिकारी के विकास में टिकारी राज के योगदान को विस्तार से याद किया। पूर्व प्राचार्य शिव शंकर शर्मा ने सुझाव दिया कि टिकारी राज के इतिहास पर शोध संस्थान की स्थापना की जानी चाहिए। टिकारी राज पर शोध कर रहे छात्र बैजू चौधरी ने महाराजा के जीवन और उनके कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में डॉ महाचन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि महाराजा ने अपने शासनकाल में बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शुल्क माफ कर दिया था। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि विद्यालय का नामकरण महाराजा के नाम पर किया जाना चाहिए। अध्यक्षीय संबोधन में राज्यवर्धन शर्मा ने कहा कि महाराजा कैप्टन गोपाल शरण सिंह ने अपने जीवनकाल में अनेक जनहितकारी कार्य किए, जिन्हें सदैव स्मरण रखा जाएगा।आयोजक हिमांशु शेखर ने बताया कि विद्यालय की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महाराजा को याद करना गौरव का विषय है। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी हिमांशु शेखर ने किया।इस अवसर पर प्रो. मुद्रिका प्रसाद नायक, बृज मोहन शर्मा, डॉ अमित नारायण रघु, डॉ सतेन्द्र नारायण, मुखिया लाल शर्मा, नारायण मिश्रा, नागेंद्र सिंह, सिद्धार्थ कुमार, राम लखन भगत, बेचन चंद्रवंशी, राकेश शर्मा, सत्येंद्र शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।