राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर टीचर्स ऑफ बिहार ने आयोजित किया ऑनलाइन क्विज
विश्वनाथ आनंद .
पटना( बिहार)- राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर टीचर्स ऑफ बिहार द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन, दर्शन एवं विचारों पर आधारित एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस क्विज का उद्देश्य युवाओं, छात्रों एवं शिक्षकों को स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचारों से जोड़ना तथा उनमें सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना रहा।इस अवसर पर टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार एवं टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने संयुक्त रूप से कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक आयोजनों के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूती मिलती है।
वहीं क्विज क्रिएटर सह प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस ऑनलाइन क्विज में कुल 20 प्रश्न पूछे गए, जिसमें प्रत्येक प्रश्न के लिए एक अंक निर्धारित था। प्रतिभागियों को क्विज पूरा करने के लिए 10 मिनट का समय दिया गया। क्विज को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया।प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने बताया कि यह क्विज पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षक, छात्र एवं सभी युवा वर्ग के लोग भाग लिए। यह पहल ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार ने राज्य के सभी शिक्षकों, छात्रों एवं युवा मित्रों को इस राष्ट्रीय युवा दिवस क्विज में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इसे अधिक से अधिक साझा करने तथा स्वामी विवेकानंद के विचार समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।