शेरघाटी अनुमंडल को जिला, इमामगंज, वजीरगंज प्रखंड को अनुमंडल तथा मऊ, चाकन्द, तरवां, सरबहदा को प्रखंड बनाने की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो
विश्वनाथ आनंद .
गया जी (बिहार)-गयाजी जिला अंतर्गत सूबे के सबसे बड़े नौ प्रखंडों वाला शेरघाटी अनुमंडल को जिला बनाने, इमामगंज, वजीरगंज प्रखंडों को अनुमंडल बनाने तथा टिकारी प्रखंड के मऊ , चंदौती प्रखंड के चाकन्द, खिजरसराय के सरबहदा एवं वजीरगंज प्रखंड के तरवां को प्रखंड बनाने की वर्षो पुरानी मांग को अविलंब पूरा कराने की मांग कॉंग्रेस पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल , मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री बिहार सरकार को विस्तृत ज्ञापन ईमेल, ट्विटर से भेजने का काम किया है ।
मांग करने वालों में बिहार प्रदेश कॉंग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक गुरुआ मोहम्मद खान अली, गया जिला कॉंग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद यादव, दामोदर गोस्वामी, शेरघाटी प्रखंड कॉंग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद इमाम, उमेश प्रसाद सिंह, इमामगंज प्रखंड कॉंग्रेस कमिटी के अध्यक्ष, मिथिलेश सिंह, राजेन्द्र सिंह, वजीरगंज प्रखंड अध्यक्ष सतीश सिंह, प्रदीप माझी, टिकारी प्रखंड अध्यक्ष नाथून पासवान, चंदौती प्रखंड अध्यक्ष ओम प्रकाश निराला, खिजरसराय प्रखंड अध्यक्ष नवल किशोर शर्मा आदि ने कहा कि
बिहार राज्य का सबसे बड़ा नौ प्रखंडों वाला शेरघाटी अनुमंडल जो जिला बनने के सभी अहर्ताओं को रखने के साथ-साथ प्रशासनिक दृष्टिकोण से यहां के कानून व्यवस्था को सिटी एस पी द्वारा देखने तथा यहां व्यवहार न्यायालय भी है। इसी अनुमंडल अंतर्गत अति संवेदनशील, नक्सल प्रभावित इमामगंज जहां डी एस पी के बैठाने एवं अनुमंडल के अन्य सुविधाओं से लैस होने के बाद भी इसे अभी तक अनुमंडल नहीं बनाया गया है।
नेताओं ने कहा कि गयाजी सदर अनुमंडल अंतर्गत वजीरगंज प्रखंड जो अनुमंडल बनने के सभी अहर्ताओं को रखने यहां वर्षों से पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी के बैठने के बाद भी इसे अनुमंडल नहीं बनाया गया है।वर्षों पहले तत्कालीन राबड़ी सरकार के दौरान सूबे में नव गठित प्रखंड बनने वाली सूची में गया जिला के टिकारी प्रखंड के मऊ , चंदौती प्रखंड के चाकन्द , वजीरगंज प्रखंड के तरवां तथा खिजरसराय के सरबहदा का नाम शामिल था, परंतु अभी तक प्रखंड नहीं बनने से स्थानीय लोगों में भारी मायूसी है।
