रैया खुर्द पंचायत के वार्ड संख्या 10 में नल-जल योजना ठप, महादलित टोला के ग्रामीणों में आक्रोश

WhatsApp Image 2026-02-10 at 6.04.14 PM

PREM KUMAR.

परैया प्रखण्ड : परैया खुर्द पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित महादलित टोला में नल-जल योजना पिछले कई महीनों से पूरी तरह खराब पड़ी हुई है। बावजूद इसके अब तक न तो किसी जनप्रतिनिधि ने सुध ली है और न ही वार्ड सदस्य एवं वार्ड सचिव द्वारा कोई ठोस पहल की गई है। इस गंभीर लापरवाही से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि नल-जल योजना के खराब हो जाने से पीने के पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है।

मजबूरन लोगों को दूर-दराज़ से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ड सदस्य और वार्ड सचिव की उदासीनता के कारण यह योजना महीनों से बंद पड़ी है। वहीं पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे महादलित टोला के लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नल-जल योजना की मरम्मत कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।