स्वर्गीय राम प्रवेश बाबू थे नैतिकता एवं ईमानदारी की प्रतिमूर्ति : जिला जज

WhatsApp Image 2026-01-31 at 5.11.06 PM

स्वर्गीय राम प्रवेश बाबू को कल्याण रत्न देने की हुई घोषणा.
विश्वनाथ आनंद
औरंगाबाद( बिहार)- बिहार के औरंगाबाद जिला विधिज्ञ संघ के सेंट्रल रघुनंदन हॉल में वरिष्ठ अधिवक्ता रहे स्वर्गीय राम प्रवेश बाबू की 11 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज कुमार ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अवदानों को स्मृत किए। उन्होंने अपने संबोधन में राम प्रवेश बाबू को नैतिकता एवं ईमानदारी की प्रतिमूर्ति बताए। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सेक्रेटरी तान्या पटेल ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके जिला विधिज्ञ सेवा में रहे कार्यों को अनुपम बतायीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष श्री विजय कुमार पाण्डेय ने किया।

स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन राम प्रवेश बाबू के सुपुत्र पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय कुमार सिंह ने किया।उन्होंने कहा कि यह उनके पिताजी के अविस्मरणीय कार्य रहे हैं जिसके कारण लगातार जिले के जिला जजों ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण किए हैं। जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता रसिक बिहारी बाबू ने इस वर्ष की संगोष्ठी के विषय भारतीय नागरिकों के मौलिक कर्तव्य पर विस्तृत जानकारी साझा किए। कार्यक्रम को वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र प्रसाद सिंह, कामता प्रसाद सिंह, नागेन्द्र कुमार सिंह आदि ने संबोधित कर उनके द्वारा निर्मित सेंट्रल हॉल एवं स्थापित अधिवक्ता कल्याण कोष के लिए हृदय से स्मृत किए। कार्यक्रम का समापन जिला विधिज्ञ संघ के महासचिव जगनारायण सिंह ने किया एवं अधिकांश अधिवक्ताओं के द्वारा राम प्रवेश बाबू को “कल्याण रत्न” दिए जाने की मांग पर मुहर लगाया एवं कहा कि उनके सम्मान से सभी वकील सम्मानित होंगे। कार्यक्रम में बागेश्वरी प्रसाद,सतीश कुमार स्नेही, कमला प्रसाद,अभय कुमार सिंह आदि अधिवक्ताओं के साथ पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप, प्रो विजय कुमार सिंह, स्वर्णजीत कुमार सिंह, शैलेन्द्र सिंह, राकेश कुमार श्रीवास्तव , विकास वैभव, अभिराम कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे एवं श्रद्धा सुमन अर्पित किए।