स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में महिलाएँ निभाएँ अग्रणी भूमिका: महापौर सीता साहू
RAJIV.
पटना-स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा राजकीय महिला महाविद्यालय, गुलज़ारबाग, पटना में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता पर आधारित जागरूकता गीतों की प्रस्तुति एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।कार्यक्रम का उद्घाटन पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू एवं महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।इस अवसर पर महापौर श्रीमती सीता साहू ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में महिलाओं की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि पटना नगर निगम निरंतर यह प्रयास कर रहा है कि नागरिकों के सहयोग से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहर का निर्माण किया जा सके। उन्होंने छात्राओं से स्वच्छ आदतों को अपनाकर पटना को नंबर-वन शहर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोक गायिका एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर डॉ. नीतू कुमारी नवगीत ने स्वच्छता पर आधारित लोकगीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। “सबसे बड़ा है गहना साफ रहना”, “घर-घर अलख जगाएँगे, स्वच्छ पटना बनाएँगे” जैसे गीतों पर छात्राएँ एवं शिक्षिकाएँ उत्साह से झूम उठीं और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके साथ ही राजेश केशरी द्वारा भी स्वच्छता जागरूकता गीत प्रस्तुत किए गए।कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वाद-विवाद प्रतियोगिता में सिल्की कुमारी, वैष्णवी कुमारी एवं निम्मी कुमारी विजेता रहीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिकाएँ एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहीं। संगीत संगत में हारमोनियम पर राजू मिश्रा तथा तबले पर श्याम जी ने सहभागिता निभाई।
यह कार्यक्रम स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में पटना नगर निगम का एक महत्वपूर्ण और प्रभावी प्रयास रहा।