शेरघाटी में आस्था के साथ मनाया गया चैती छठ, डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित
CHANDAN.
शेरघाटी। लोक आस्था का महापर्व चैती छठ पूजा मंगलवार को शेरघाटी शहर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के राममंदिर स्थित सूर्य नारायण घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट का माहौल भक्ति गीतों और छठी मइया के जयकारों से गूंज उठा।
व्रतधारी महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाट पर साफ-सफाई और सजावट की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस प्रशासन की ओर से विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए घाट और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सूर्य नारायण मंदिर कमिटी की ओर से घाट पर पूजा की सभी तैयारियां विधिवत की गई थीं। कमिटी के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया। इस दौरान दीनानाथ पांडेय, अरुण चंद्रवंशी, विनय प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और पूजा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
