लगान रसीद अपडेट नहीं होने से सरकारी कार्यों में आ सकती है बाधा, रैयतों को अंचल कार्यालय की चेतावनी

WhatsApp Image 2026-03-07 at 6.36.43 PM

CHANDAN.

शेरघाटी। शेरघाटी अंचल कार्यालय ने क्षेत्र के सभी रैयतों को भूमि लगान रसीद अद्यतन कराने को लेकर आवश्यक सूचना जारी की है। अंचल अधिकारी उषा कुमारी ने बताया कि जिन रैयतों की लगान रसीद वित्तीय वर्ष 2025-26 तक अद्यतन नहीं है, वे जल्द से जल्द अपना बकाया लगान जमा कर रसीद कटवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समय पर लगान जमा नहीं होने की स्थिति में कई सरकारी कार्यों और योजनाओं में बाधा उत्पन्न हो सकती है।अंचल कार्यालय द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए भूमि लगान का अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से बिहार विशेष सर्वेक्षण, किसान निबंधन (फार्मर रजिस्ट्रेशन) तथा राजस्व महा-अभियान जैसे कार्यों के सफल क्रियान्वयन में लगान रसीद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

अंचल अधिकारी ने बताया कि अभी भी कई रैयत ऐसे हैं, जिन्होंने अपना लगान जमा नहीं किया है। इसके कारण सर्वेक्षण कार्यों तथा अन्य राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं में कठिनाई आ सकती है। उन्होंने सभी रैयतों से अपील करते हुए कहा कि वे अंचल कार्यालय या निर्धारित माध्यम से अपना लंबित लगान जल्द से जल्द जमा करें और रसीद कटवा लें।उन्होंने यह भी कहा कि समय पर लगान जमा करने से न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी, बल्कि जमीन से जुड़े अन्य प्रशासनिक कार्य भी सुचारू रूप से पूरे किए जा सकेंगे। अंचल कार्यालय ने सभी रैयतों से इस संबंध में सहयोग करने की अपील की है।