श्री रामनवमी पूजा केंद्रीय समिति द्वारा सम्मान समारोह 12 अप्रैल को, कार्यकर्ताओं को किया जाएगा सम्मानित
DHIRAJ.
गया। रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में श्री रामनवमी पूजा केंद्रीय समिति, गयाजी द्वारा दिनांक 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को गया कॉलेज एकता परिसर सभागार में पूर्वाह्न 11:00 बजे एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।इस समारोह में शोभायात्रा को सफल, अनुशासित एवं भव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
मीडिया प्रभारी सूरज सिंह ने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक है। इस वर्ष गया में जिस प्रकार अनुशासन और भव्यता के साथ शोभायात्रा संपन्न हुई, वह सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। यह सम्मान समारोह उन्हीं समर्पित लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। हम सभी शहरवासियों से आग्रह करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाएं।समिति के पदाधिकारियों ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
