विकास शिविर में ऑन-द-स्पॉट समाधान, पंचायत स्तर पर सुलझ रहीं जनता की समस्याएं : विधायक अजीत कुमार
S.K.RAJIV.
कांटी। कांटी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में आयोजित विकास शिविर आम जनता के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनते जा रहे हैं। इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है, जिससे उन्हें प्रखंड कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।बुधवार को पानापुर हवेली पंचायत के दरियापुर स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विकास शिविर में क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किया गया वादा अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर ही अधिकारियों को बुलाकर कार्य किया जा रहा है।
शिविर में राशन कार्ड, श्रम, आपूर्ति, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, कृषि, पेंशन, नल-जल योजना, बिजली, शिक्षा समेत कई विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
गंगापुर वार्ड-12 व दामोदरी वार्ड-5 में नल-जल योजना नहीं पहुंचने की शिकायत पर उन्होंने पीएचडी विभाग के कार्यपालक अभियंता से फोन पर बात कर जांच कर शीघ्र योजना चालू कराने को कहा। वहीं राशन नहीं मिलने की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में समाधान का निर्देश दिया गया। पोखर में पानी नहीं होने की शिकायत पर उन्होंने मौके पर उपस्थित बीडीओ आनंद कुमार विभूति को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने आईसीडीएस द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में भी भाग लिया तथा विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया।
मौके पर बीडीओ सह प्रभारी बीईओ आनंद कुमार विभूति, सीडीपीओ मीरा कुमारी, बीएओ शिवनाथ झा, एलईओ वरुण कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी स्वराज चौहान, बीपीआरओ काजोल कुमारी, पीओ मणि भूषण कुमार, एमओ उमेश कुमार, बीसी अशोक साह, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, डीपीएम राकेश कुमार, मुखिया प्रियंका कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि सुनील कुमार, सरपंच गीता देवी, पैक्स अध्यक्ष शैलेंद्र चौधरी, पंसस गणेश साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
