अवैध बालू खनन हादसे में मृत भकलू मांझी के आश्रित को चार लाख का अनुग्रह अनुदान
PREM KUMAR.
परैया : प्रखण्ड क्षेत्र के मझियावा पंचायत अंतर्गत उपरहुली गांव निवासी स्व. भकलू मांझी की असामयिक मृत्यु के बाद उनके आश्रित परिवार को प्रशासन की ओर से चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान किया गया। बुधवार को अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंचल अधिकारी केशव किशोर ने मृतक की पत्नी रजिया देवी को चार लाख रुपये का चेक सौंपा। इस मौके पर अंचल नाजिर चंदन कुमार भी उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि भकलू मांझी की मृत्यु अवैध बालू खनन के दौरान बने गहरे गड्ढे में डूबने से हो गई थी। इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई थी।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच के उपरांत सरकारी प्रावधान के तहत आश्रित को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अंचल अधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आपदा या दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे कठिन परिस्थिति में कुछ राहत महसूस कर सकें। वहीं, परिजनों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।