शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन, दर्जनों मामलों की हुई सुनवाई

WhatsApp Image 2026-01-19 at 4.15.47 PM

Correspondent.
शेरघाटी। सोमवार को शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल के सभी विभागों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया।इस संबंध में जानकारी देते हुए शेरघाटी अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देश के आधार पर प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को अनुमंडल, अंचल एवं प्रखंड स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया जाना है। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में सभी विभागों के पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है, ताकि विभिन्न प्रकार की समस्याओं का समन्वय के साथ निष्पादन किया जा सके।

सोमवार को आयोजित इस जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, राजस्व से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित शिकायतें सामने आईं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि कुछ मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में अनुमंडल कार्यालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। एसडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निष्पादन समयबद्ध ढंग से किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
जनता दरबार के आयोजन से आम लोगों में संतोष देखा गया। फरियादियों ने कहा कि एक ही स्थान पर सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति से उनकी समस्याओं को रखने और समाधान मिलने में काफी सहूलियत हुई