शेरघाटी में श्रद्धाभाव से मना महाशिवरात्रि, शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़

WhatsApp Image 2026-02-15 at 3.44.27 PM

PREM KUMAR.

शेरघाटी। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भोर की पहली किरण के साथ ही शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पूजा सामग्री लेकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचे।शहर के प्रमुख मंदिरों में भारी भीड़ देखी गई। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। भक्तों ने विधि-विधान से शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

कई मंदिरों में श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक माहौल में डूबा रहा।मान्यता है कि फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था, इसी उपलक्ष्य में महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस दिन शिवभक्त व्रत रखकर रात्रि में विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। कई स्थानों पर शिव बारात भी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने अगले दिन प्रातः व्रत का पारण किया।