पकड़ी पकोही में जलजमाव की समस्या पर अधिकारियों का फौज लेकर पहुंचे विधायक,लोगों को शीघ्र समाधान कराने का दिया आश्वासन
S.K.RAJIV .
छह माह जलभराव से 200 लोगों की आवाजाही प्रभावित, आरडब्ल्यूडी को जल निकासी के लिए पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का दिया निर्देश.
मड़वन (मुजफ्फरपुर):प्रखंड के पकड़ी पकोही पंचायत के वार्ड संख्या 13 में जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर कांटी विधायक ई. अजीत कुमार अधिकारियों की टीम के साथ शुक्रवार को गांव पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में वर्ष के लगभग छह माह तक जलजमाव बना रहता है, जिससे खासकर दलित एवं पिछड़ा समाज के करीब 200 लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विस्तार से विधायक और अधिकारियों के समक्ष रखीं। लोगों ने बताया कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति और भी विकट हो जाती है। इससे बच्चों की पढ़ाई, रोजमर्रा के कार्य और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच बाधित होती है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने समस्या का सर्वे किया और समाधान के उपायों पर विचार-विमर्श किया। विधायक अजीत कुमार ने संबंधित विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द से जल्द कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने आरडब्ल्यूडी के कनिय अभियंता को अविलंब एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।इस अवसर पर बीडीओ विनय कुमार, सीओ मुकेश कुमार, जेडीयू के प्रखंड अध्यक्ष मो.शमीम, वन विभाग के अधिकारी, जल संसाधन विभाग के अभियंता, RWD के कनीय अभियंता, स्थानीय मुखिया सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर कुमार सिंह,अजय चौधरी सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
