अमर शहीद सूबेदार संतोष कुमार की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम की तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
प्रेम कुमार ।
परैया :- अमर शहीद सूबेदार संतोष कुमार की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 15 तारीख को राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मंझियावा पंचायत के अमोखर गांव में आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम की विधि-व्यवस्था एवं तैयारियों का जायजा लेने के लिए टेकरी अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुंदन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशांत कुमार चंचल, अंचलाधिकारी परैया केशव किशोर एवं थाना अध्यक्ष सुनीता कुमारी ने सभा स्थल एवं मंच निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा ग्रामीणों द्वारा भी कार्यक्रम की तैयारी में सहयोग किया जा रहा है।